उदयपुर , मई 29 -- राजस्थान के जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने जनजाति प्रतिभाओं को समाज की धरोहर बताते हुए इनके कार्यों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया है।

श्री खराड़ी शुक्रवार को यहां माणिक्य लाल वर्मा आदिम जाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान (टीआरआई) में राज्य सरकार द्वारा मनाये जा रहे 'जनजाति गरिमा उत्सव' के कार्यक्रमों की श्रृंखला में 'जनजाति गौरव सम्मान' समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सम्मानित होने वाले प्रतापगढ़ के संतोष कुमार मीणा के पॉली हाउस में संरक्षित खेती, फूल एवं मशरूम उत्पादन को सराहनीय कार्य बताते हुए जनजाति युवाओं को नौकरी के पीछे भागने की बजाय उन्नत खेती अपनाकर अपनी आय बढ़ाने के लिये प्रेरित किया। उन्होंने जनजाति संस्कारों को सबके लिए अनुकरणीय बताते हुए अपनी जड़ों से जुड़े रहने की आवश्यकता जताई।

श्री खराड़ी ने लेक्रोस खेल में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक विजेता महिला टीम कप्तान सुनीता मीणा एवं पुरुष टीम सदस्य मोहनलाल गमेती, कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में नवाचार के लिए सिरोही के गैनाराम, प्रतापगढ़ से संतोष कुमार मीणा और शांतिबाई, उद्यमिता क्षेत्र में प्रतापगढ़ की ममता मीणा, आजीविका क्षेत्र में सिरोही के सोमाराम, उदयपुर के सुरेन्द्र मीणा, जनजाति समाज को कुरीतियों एवं परम्परागत रूढ़ियों से मुक्त कराने की दिशा में सराहनीय प्रयास के लिये उदयपुर के डॉ. देवीलाल, बांसवाड़ा से रूपजी बारिया, सिरोही से थावराराम गरासिया एवं डूंगरपुर से मणिलाल देवतरा, रक्तदान के लिए युवाओं को प्रेरित करने के लिये उदयपुर के भुरीलाल खराड़ी को उपरना ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया।

उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में राजस्थान तहसीलदार सेवा में चयनित भेराराम एवं कक्षा 12 कला वर्ग में 95 प्रतिशत अंक प्राप्तकर्ता गणेश कटारा और विज्ञान वर्ग में 95.40 प्रतिशत अंक प्राप्तकर्ता जितेन्द्र निनामा को भी सम्मानित किया गया।

जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के छात्रावास निर्माण के लिये भूमि भेंटकर्ता भामाशाह ओम प्रकाश भील को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए टीएडी आयुक्त लक्ष्मी नारायण मंत्री ने जनजाति प्रतिभाओं को मुख्य धारा में लाकर राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग द्वारा जनजाति समुदाय के कल्याण के लिये किये जा रहे विभागीय प्रयासों की जानकारी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित