नयी दिल्ली , नवंबर 02 -- जनजातीय समुदायों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों से जुड़े चिकित्सकों को आधुनिक सार्वजनिक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी से लैस करने के उद्देश्य से जनजातीय कार्य मंत्रालय ने हैदराबाद स्थित कान्हा शांति वनम में दो दिवसीय राष्ट्रीय अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित किया।

जनजातीय कार्य मंत्रालय ने आज बताया कि जनजातीय स्वास्थ्य संस्थागत परिवर्तन (जनहित) पहल के तहत एक और दो नवंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में नौ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 550 जनजातीय चिकित्सक हिस्सा लिया है।

जनजातीय कार्य मंत्रालय के अपर सचिव मनीष ठाकुर और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय स्वास्थ्य अनुसंधान संस्थान (आईसीएमआर-एनआईएचआर), भुवनेश्वर की निदेशक डॉ. संघमित्रा पति ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

मंत्रालय ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़े के पहले दिन शुरू की गयी इस पहल का उद्देश्य जनजातीय समुदायों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सहायता व्यवस्था को मजबूत करना है। कार्यक्रम के पहले चरण में आंध्र प्रदेश, गोवा, कर्नाटक, केरलम, महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु, तेलंगाना और दादरा एवं नगर हवेली से राज्य जनजातीय कल्याण विभागों द्वारा नामित लगभग 550 पारंपरिक जनजातीय चिकित्सक भाग लिया है।

कार्यक्रम के माध्यम से जनजातीय चिकित्सकों को सामान्य बीमारियों की पहचान, गंभीर लक्षणों को समय रहते समझने और जरूरत पड़ने पर मरीजों को उचित चिकित्सा केंद्र तक पहुंचाने के बारे में प्रशिक्षित किया जा रहा है। मंत्रालय का मानना है कि जनजातीय क्षेत्रों में पारंपरिक चिकित्सकों की समुदाय के बीच महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने और औपचारिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ जोड़ने से ग्रामीण एवं दूरदराज के इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बेहतर हो सकती है।

मंत्रालय के अनुसार, इस पहल का व्यापक उद्देश्य जनजातीय समुदायों में प्रचलित पारंपरिक स्वास्थ्य देखभाल पद्धतियों और आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। जनजातीय चिकित्सकों को प्रशिक्षित कर समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान और उचित उपचार के लिए रेफरल व्यवस्था को प्रोत्साहित किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित