गौतमबुद्धनगर , अप्रैल 07 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर की जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी की अध्यक्षता में ग्रेटर नोएडा कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय जनगणना-2027 के सफल क्रियान्वयन एवं संचालन को लेकर मंगलवार को द्वितीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्य की तैयारियों का विस्तृत आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी द्वारा मंगलवार को बैठक संबंधी जानकारी साझा की उन्होंने बताया कि,नोएडा और ग्रेटर नोएडा के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना के अंतर्गत प्रगणकों को आवंटित किए जाने वाले क्षेत्रों के मकान सूचीकरण ब्लॉकों का निर्माण निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की देरी आगे की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ तेजी से कार्य करें।
बैठक में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा और पंचायत राज विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों के कर्मियों की सूची तत्काल उपलब्ध कराएं, ताकि समयबद्ध तरीके से नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जा सके।
इसके साथ ही सभी तहसीलों एवं नगरीय क्षेत्रों के जनगणना चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने क्षेत्रों में प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करें। प्रशिक्षण के लिए स्थल और तिथियां निर्धारित कर उसकी सूचना अगले ही दिन जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जनगणना को राष्ट्रीय महत्व का अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित