चंडीगढ़ , सितंबर 21 -- पंजाब के मुख्य सचिव केएपी सिन्हा ने सोमवार को जनगणना-2027 के दूसरे चरण (जनसंख्या गणना) की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में सटीक और पूर्ण कवरेज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्री सिन्हा ने कहा कि जनगणना देश के शासन, योजना निर्माण, नीतियां तैयार करने और सार्वजनिक सेवाओं की व्यवस्था के लिए जनसांख्यिकीय एवं सामाजिक-आर्थिक आंकड़ों का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने अधिकारियों से जनगणना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आपसी समन्वय, जवाबदेही और लगातार निगरानी के साथ तैयारियां पूरी करने को कहा।
सम्मेलन में गणना ब्लॉकों के अंतिम निर्धारण, मानव संसाधन की योजना एवं तैनाती, प्रशिक्षण, प्रश्नावली, डिजिटल उपकरण, स्व-गणना, प्रचार-प्रसार और दुर्गम एवं संवेदनशील क्षेत्रों की पूर्ण कवरेज सहित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गयी।
पंजाब जनगणना संचालन निदेशक डॉ. नवजोत खोसा ने बताया कि दूसरे चरण की स्व-गणना 16 से 30 नवंबर 2026 तक होगी। जनसंख्या गणना का मुख्य चरण एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक चलेगा, जबकि पुनरीक्षण चरण पांच से नौ जनवरी 2027 तक होगा। संदर्भ तिथि पांच जनवरी 2027 की शून्य बजे निर्धारित की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित