गौतमबुद्धनगर , जून 17 -- उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर की जिलाधिकारी एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी मेधा रूपम ने बुधवार को जनगणना-2027 के प्रथम चरण की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने पर बधाई दी तथा अगले चरण की तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिये।

बैठक में भवन सूचीकरण, अभिलेखों के संधारण, मानचित्रों के अद्यतनकरण तथा चार्ज एवं सर्किल संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गयी। जिलाधिकारी ने प्रथम चरण से संबंधित अभिलेखों और आंकड़ों का सुरक्षित एवं व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि आगामी चरणों में कार्य की शुद्धता, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय के भीतर पूरी कर ली जाएं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी अजीत कुमार सिंह, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा वंदना त्रिपाठी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित