बैतूल , जुलाई 19 -- जनगणना-2027 के अंतर्गत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (डीसीएचबी) तैयार करने की प्रक्रिया को गति देने के लिए मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अधिकारियों एवं क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण शुरू किया गया है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देशन तथा अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी वंदना जाट के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।

जिला योजना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी नरेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि प्रशिक्षण 17 जुलाई से 28 जुलाई 2026 तक पीएम श्री शासकीय एमएलबी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैतूल में विभिन्न बैचों में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य निदेशालय, मध्यप्रदेश, भोपाल से आए प्रशिक्षक भरतलाल गौर और शालिनी वर्मा जिले के सभी ग्रामीण एवं नगरीय चार्ज अधिकारियों तथा उनके द्वारा नामित क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ग्राम एवं नगर निर्देशिका के लिए आंकड़ों के संकलन, जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करने की प्रक्रिया, डीसीएचबी पोर्टल तथा मोबाइल ऐप के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना-2027 के लिए आवश्यक आंकड़ों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध संकलन सुनिश्चित करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित