पटना , अगस्त 05 -- जनगणना 2027 के अंतर्गत जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (डीसीएचबी)-2027 के सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को निदेशक, जनगणना कार्य- सह - मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी,बिहार श्रीमती रंजिता एवं राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर सचिव डॉ. महेंद्र पाल की संयुक्त अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलों के जिला जनगणना पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक गांव एवं नगर की आधारभूत सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, सड़क, बैंकिंग, संचार, कृषि, शहरी सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक जानकारियों का सही एवं अद्यतन विवरण एकत्रित किया जाए। साथ ही कार्य की नियमित निगरानी, डेटा का सत्यापन तथा विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

बैठक के दौरान डेटा सुरक्षा एवं गोपनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि लॉगिन आईडी एवं पासवर्ड की गोपनीयता बनाए रखें, केवल अधिकृत माध्यमों से ही डेटा का आदान-प्रदान करें तथा किसी भी तकनीकी अथवा सुरक्षा संबंधी समस्या की सूचना निर्धारित एस्केलेशन प्रणाली के माध्यम से तत्काल उपलब्ध कराएं।

श्रीमती रंजिता ने बताया कि डीसीएचबी -2027 का फील्डवर्क 30 अगस्त 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसके लिए सभी फील्ड फंक्शनरियों का प्रशिक्षण पूर्ण किया जा चुका है तथा अब निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य निष्पादन पर विशेष बल दिया जा रहा है। ग्राम (वीडी) एवं नगर निर्देशिका (टीडी) से संबंधित कार्यों, आंकड़ों के संकलन की प्रक्रिया, मोबाइल ऐप एवं वेब पोर्टल के उपयोग, कार्यों की समय-सीमा तथा विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी गांवों एवं नगरों से निर्धारित प्रारूप में गुणवत्तापूर्ण एवं शत-प्रतिशत जानकारी समय पर संकलित कर पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।

बैठक में जनगणना निदेशालय के उप निदेशक संजीव कुमार सॉ, विभाग के आईटी मैनेजर आनंद शंकर, प्रशाखा पदाधिकारी नारायण, सभी जिलों के नगर आयुक्त, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं सभी कार्यपालक अधिकारी अधिकारी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित