टिहरी , मार्च 29 -- जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिला मुख्यालय नई टिहरी स्थित क्रीड़ा भवन में आयोजित फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम रविवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया।

प्रशिक्षण के अंतिम दिन प्रतिभागियों को तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के तीसरे दिन हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन (एचएलओ) और मकान सूचीकरण से जुड़े मोबाइल ऐप आधारित प्रशिक्षण की समीक्षा की गई। इस दौरान फील्ड ट्रेनर्स द्वारा ऐप के माध्यम से दिए गए उत्तरों का परीक्षण कर उनकी दक्षता का मूल्यांकन किया गया। इसके बाद पीपीटी के माध्यम से प्रशिक्षुओं को यह बताया गया कि वे अपने अधीनस्थ सुपरवाइजर्स और प्रगणकों को किस प्रकार प्रभावी प्रशिक्षण प्रदान करें और फील्ड में आने वाली समस्याओं का समाधान कैसे करें।

प्रशिक्षण में मोबाइल ऐप के जरिए फील्ड स्तर पर कार्य संपादन की प्रक्रिया का भी व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायतराज अधिकारी मुस्तफा खान और निदेशालय के मास्टर ट्रेनर धुरवेंद्र कुमार वर्मा ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया।

समापन सत्र में डीपीआरओ ने प्रतिभागियों के अनुशासन, समर्पण और सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण में अर्जित ज्ञान का उपयोग फील्ड स्तर पर प्रभावी ढंग से किया जाएगा। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी केशव गैरोला, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सूरज बिष्ट सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित