चंडीगढ़ , अप्रैल 21 -- हरियाणा में जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत डिजिटल प्रक्रिया को बढ़ावा मिल रहा है और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की वित्तीय आयुक्त और राज्य नोडल अधिकारी डॉ. सुमिता मिश्रा ने मंगलवार को सिविल सचिवालय में ऑनलाइन पोर्टल के जरिए अपनी स्व-गणना पूरी की।

इस पहल से यह स्पष्ट हुआ कि ऑनलाइन स्व-गणना सुविधा नागरिकों के लिए आसान, सुरक्षित और समय की बचत करने वाली है। इससे लोगों को जनगणना के लिए कहीं आने-जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे घर बैठे ही अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि सटीक और समय पर उपलब्ध आंकड़े बेहतर नीति निर्माण और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने राज्य के नागरिकों से अपील की कि वे इस डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें।

इस दौरान जनगणना संचालन विभाग के निदेशक ललित जैन और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव हेमा शर्मा भी मौजूद रहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित