भिवानी , मई 11 -- जनगणना 2027 के तहत चल रहे मकान गणना कार्य में लापरवाही बरतने और अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी खेड़ा के एक शिक्षक के खिलाफ थाना सदर भिवानी में एफआईआर दर्ज की गयी है। यह कार्रवाई चार्ज ऑफिसर एवं तहसीलदार की शिकायत पर की गयी।
जानकारी के अनुसार एक मई से घर-घर जाकर मकानों की गणना का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए प्रगणक, सुपरवाइजर और चार्ज ऑफिसरों की नियुक्ति की गयी है। सभी कर्मचारियों को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिये गये थे।
आरोप है कि शिक्षक सतीश कुमार ने अब तक अपना गणना कार्य शुरू नहीं किया। सुपरवाइजर रितु द्वारा कारण पूछने पर उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। शिकायत में यह भी कहा गया कि बार-बार समझाने के बावजूद वह कार्य नहीं कर रहे थे और शराब के नशे में दुर्व्यवहार कर रहे थे।
मामले की जानकारी मिलने के बाद चार्ज ऑफिसर ने पुलिस में शिकायत दी, जिसके आधार पर शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
उपायुक्त साहिल गुप्ता ने चेतावनी देते हुए कहा कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ड्यूटी में कोताही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित