जयपुर , जून 02 -- राजस्थान में जनगणना 2027 कार्य को गंभीरता एवं प्राथमिकता के साथ संपादित करने के निर्देशों की अवहेलना करने पर जिला प्रशासन ने जनगणना कार्मिक अंजू वर्मा को निलंबित कर दिया है।
प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलेक्टर संदेश नायक के आदेशानुसार जनगणना कार्य के लिए नियुक्त प्रगणक अंजू वर्मा, अध्यापिका लेवल-2 अंग्रेजी, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डेहरा, जोबनेर को प्रधानाचार्य द्वारा कार्यमुक्त किये जाने के बाद भी चार्ज जनगणना अधिकारी द्वारा आवंटित जगह पर कार्य प्रारंभ नहीं किया गया।
जनगणना जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य के प्रति अकर्मण्यता, लापरवाही तथा संबंधित प्राधिकृत अधिकारियों के आदेशों की जानबूझकर अवहेलना किये जाने को गंभीरता से लेते हुए प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर द्वारा उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान संबंधित कार्मिक का मुख्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जोबनेर निर्धारित किया गया है। जिला कलेक्टर ने सभी जनगणना कार्मिकों को निर्देशित किया है कि वे सौंपे गये दायित्वों का समयबद्ध एवं गंभीरता के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि जनगणना जैसे देशहित के कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित