पटना , जुलाई 16 -- पटना के जिलाधिकारी और प्रधान जनगणना अधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम ने गुरूवार को कहा कि पटना जिले में जनगणना कार्य के सुलभ एवं सफलतापूर्वक क्रियान्वयन के लिये 13-सदस्यीय जिला-स्तरीय जनगणना समन्वय समिति (डीएलसीसीसी) क्रियाशील है।

जिलाधिकारी श्री त्यागराजन ने आज यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जनगणना जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण एवं व्यापक प्रशासनिक कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, पटना की ओर से सभी तैयारियां की गई है। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं नगर निकायों में चयनित प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि पटना जिले में जनगणना कार्य के सुलभ एवं सफलतापूर्वक क्रियान्वयन के लिये 13-सदस्यीय जिला-स्तरीय जनगणना समन्वय समिति क्रियाशील है। उन्होंने कहा कि कार्यों के त्वरित गति से निष्पादन हेतु जिला जनगणना कोषांग भी सक्रिय है। पदाधिकारियों को भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त का कार्यालय, गृह मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से निर्धारित दिशा-निदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना के पहले चरण में मकान सूचीकरण एवं आवास गणना दो मई, 2026 से 31 मई, 2026 के बीच होगी। इससे पहले 15 दिनों की विशेष सुविधा स्व-गणना की दी जा रही है। उन्होंने कहा कि 17 अप्रैल से स्व-गणना प्रारंभ होगी जो एक मई तक चलेगी। आमजन स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाईन भर सकते हैं। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार की ओर से इसकी पूरी प्रक्रिया नागरिक प्रक्षेत्र में जारी की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित