बांदा , मई 26 -- उत्तर प्रदेश में चल रहे जनगणना अभियान में बांदा जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश की रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। प्रशासन ने इसे जनसहभागिता, प्रभावी मॉनिटरिंग और व्यापक जागरूकता अभियान का परिणाम बताया है।
मंगलवार को जारी सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार जिले में संचालित स्वगणना अभियान को सफल बनाने के लिए ग्राम स्तर से लेकर नगर क्षेत्रों तक व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने घर-घर पहुंचकर लोगों को ऑनलाइन माध्यम से स्वयं एवं अपने परिवार की गणना करने के लिए प्रेरित किया।
विज्ञप्ति में बताया गया कि कुशल निर्देशन, सतत निगरानी और आमजन की सक्रिय भागीदारी के चलते बांदा जिले ने अब तक की रैंकिंग में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है।
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं और अभियानों में जनता की सक्रिय भागीदारी ही वास्तविक विकास की पहचान है। उन्होंने कहा कि बांदा जिले ने रिकॉर्ड स्तर पर जनसहभागिता दर्ज कर प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि "जन भागीदारी से जन कल्याण और जन कल्याण से विकास होता है।" इसी संकल्प के साथ बांदा जिला निरंतर प्रगति करते हुए नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है।
जिलाधिकारी ने अभियान से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों, मीडिया प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित