पटना , जून 21 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) राष्ट्रीय परिषद ने नीतीश कुमार के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाये जाने पर औपचारिक मुहर लगा दी है, साथ हीं सभी वरिष्ठ नेताओं ने एक स्वर से कहा कि निशांत के आने से पार्टी संगठन को मजबूती मिली है।
जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवददाता सम्मेलन में इस आशय की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय परिषद एवं राज्य परिषद की बैठक में पार्टी की विचारधारा, संगठन और रोजमर्रा के कार्यांवयन से संबधित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गये।
श्री प्रसाद ने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय परिषद ने नीतीश कुमार के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर औपचारिक मुहर लगा दी है और इसके साथ ही उन्हें जदयू ट्रस्ट से जुड़े मामलों के संचालन एवं फैसले लेने के लिए अधिकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी से संविधान में भी समय पर आवश्यकता के अनुसार संशोधन का अधिकार भी राष्ट्रीय परिषद, राष्ट्रीय अध्यक्ष को देती है।
जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि बैठक में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के विनम्र तरीके, राजनीतिक सुचिता और सुगम सत्ता हस्तांतरण के तरीके की तारीफ की गई और कहा गया कि ऐसा करते हुये श्री कुमार ने राजनीति में एक बड़ी मिशाल पेश की।
श्री प्रसाद ने कहा कि 2025 के बिहार विधानसभा में जदयू कुल 101 सीटों पर चुनाव लड़ी और 85 पर जीती। उन्होंने कहा कि 84.2 प्रतिशत के जीत प्रतिशत के हिसाब से यह पार्टी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। उन्होंने कहा कि बीस वर्षों से सत्ता में रहे नीतीश कुमार के पक्ष में इस तरह की प्रो-इन्कंबेंसी हैरान करने वाली थी और यह श्री कुमार की लोकप्रियता का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जिन 101 सीटों पर जदयू चुनाव लड़ी, उनमें से 63 पर अति-पिछड़े और पिछड़े तथा 15 पर अनुसूचित जाति और जनजाति के उम्मीदवार खड़े किये गये थे।
जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि परिषद की बैठक में अंतर्राष्ट्रीय मुद्दे जैसे अमेरिका- इराक युद्ध विराम तथा नेपाल के साथ द्विपक्षीय बातचीत की भी चर्चा हुई और इस संबंध में केंद्र सरकार की नीतियों की सराहना की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित