पटना , जून 20 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की राष्ट्रीय एवं राज्य परिषद की बैठक 21 जून को प्रदेश मुख्यालय के कर्पूरी सभागार में आयोजित होगी।

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बयान जारी कर बताया कि 21 जून को पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार की अध्यक्षता में राष्ट्रीय एवं राज्य परिषद की बैठक आयोजित होगी। उन्होंने कहा कि इस बैठक को लेकर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। उन्होंने कहा कि पटना की इस महान धरती पर देशभर से पार्टी के डेलिगेट्स बैठक में शिरकत करने आ रहे हैं, जिनका स्वागत बिहार की गौरवशाली ''अतिथि देवो भवः'' की परंपरा के तहत भव्यता और गर्मजोशी के साथ किया जाएगा।

श्री कुशवाहा ने कहा कि बिहार हमेशा से देश की राजनीति और सामाजिक परिवर्तन की धुरी रहा है। चाहे वह राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का चंपारण सत्याग्रह हो या लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में सम्पूर्ण क्रांति का आंदोलन, इतिहास के हर कालखंड में बिहार ने देश को एक नई दिशा प्रदान की है। ऐसे गौरवशाली प्रदेश की राजधानी में जदयू राष्ट्रीय तथा राज्य परिषद की बैठक का आयोजन सभी के लिए गर्व का विषय है। इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान संगठन की मजबूती, भविष्य की रणनीति, सामाजिक न्याय, सुशासन और विकास के एजेंडे पर व्यापक मंथन किया जाएगा।

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बीते दो दशकों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में बदलाव की जो ऐतिहासिक पटकथा लिखी गई है, उसे राष्ट्रीय स्तर पर और सशक्त तरीके से पहुँचाने के लिए इस बैठक में एक ठोस रोडमैप तैयार किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि श्री कुमार का कुशल नेतृत्व और उनका दीर्घ अनुभव ही जदयू संगठन की सबसे बड़ी पूंजी है।

श्री कुशवाहा ने कहा कि यह महत्वपूर्ण बैठक पार्टी को राष्ट्रीय पटल पर नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेगी तथा सांगठनिक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित