पटना , मार्च 23 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रदेश कार्यालय में प्रखर समाजवादी चिंतक एवं महान स्वतंत्रता सेनानी डॉ. राम मनोहर लोहिया की जयंती मनाई गई।

इस अवसर पर पार्टी के नेता निशांत कुमार, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, उपनेता ललन कुमार सर्राफ, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने डॉ. लोहिया के तैलचित्र पर पुष्प के साथ श्रद्धासुमन अर्पित किये।

जयंती समारोह के दौरानजदयू नेता निशांत कुमार ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि उनके पिता और प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार डॉ. राम मनोहर लोहिया के विचारों और आदर्शों से अत्यंत प्रभावित रहे हैं। वर्ष 2005 में बिहार की सत्ता संभालने के बाद उन्होंने अपनी नीतियों और कार्यक्रमों के माध्यम से डॉ. लोहिया के समाजवादी विचारों को धरातल पर उतारने का काम किया तथा उनके सपनों को साकार करने की दिशा में कई ठोस कदम उठाए।

जदयू नेता ने कहा कि डॉ. लोहिया की 'सप्त क्रांति' में नर-नारी समानता का सिद्धांत अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान रखता है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री श्री कुमार ने महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत तथा पंचायती राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था लागू की। इसके साथ ही समाज के वंचित, पिछड़े और कमजोर तबके के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोडने का काम किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित