पटना , मई 12 -- जनता कल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने मंगलवार को कहा कि जदयू प्रदेश कार्यालय में जनसुनवाई का कार्यक्रम पार्टी की जनकेंद्रित कार्यशैली का प्रतीक है।
श्री कुशवाहा ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित होने वाले जनसुनवाई कार्यक्रम के लिए नया रोस्टर जारी किया, जिसके अनुसार प्रत्येक सप्ताह सोमवार से शुक्रवार के बीच प्रतिदिन पार्टी के तीन-तीन मंत्री प्रदेश कार्यालय में उपस्थित रहकर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आमजनों की समस्याओं को सुनेंगे।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम जनता के प्रति जदयू की पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनकेंद्रित कार्यशैली का प्रतीक है। यह पहल आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के प्रति पार्टी की संवेदनशीलता को स्पष्ट रूप से प्रतिबिंबित करती है। उन्होंने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के निर्देशानुसार यह कार्यक्रम पार्टी की पुरानी परंपरा का हिस्सा रहा है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेशभर से आने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना जाता है तथा उनके समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक पहल की जाती है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्षों से संचालित इस जनहितकारी पहल के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है और पूर्व मुख्यमंत्री श्री कुमार के मार्गदर्शन में आगे भी यह कार्यक्रम आमजन की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित