पटना , अक्टूबर 15 -- राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक जनता दल यूनाईटेड (जदयू) ने बुधवार को जारी अपनी पहली सूची में चार विधायकों को बेटिकट कर दिया है, वहीं दो सीटों पर उनके पुत्रों को चुनावी समर में उतारा गया है।
जदयू ने आज 57 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। जारी सूची के अनुसार पार्टी ने कुशेश्वरस्थान से अमन हजारी को, सकरा से अशोक कुमार चौधरी, वारिसनगर से अशोक कुमार और बरबीघा से सुदर्शन कुमार को बेटिकट कर दिया है। पार्टी ने कुशेश्वरस्थान से पूर्व मंत्री डा. अशोक राम के पुत्र अतिरेक कुमार को टिकट दिया है। श्री राम हाल ही में कांग्रेस छोड़कर अपने पुत्र के साथ जदयू में शामिल हुये थे। वहीं सकरा से विधायक अशोक कुमार चौधरी की जगह उनके पुत्र आदित्य कुमार को उम्मीदवार बनाया गया है।
इसी तरह वारिसनगर से अशोक कुमार की जगह उनके पुत्र मांजरीक मृणाल को उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने बरबीघा से सुदर्शन कुमार की जगह पूर्व विधायक स्व. प्रो. आरपी शर्मा के पुत्र कुमार पुष्पंजय को उम्मीदवार बनाया है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2020 के चुनाव में कुशेश्वरस्थान से जदयू के टिकट पर शशिभूषण हजारी ने जीत हासिल की थी। 01 जुलाई 2021को श्री हजारी का निधन हो गया। उनके निधन के बाद नवंबर 2021 में इस सीट पर हुये उपचुनाव में शशिभूषण हजारी के पुत्र अमन हजारी ने जदयू के टिकट पर जीत हासिल की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित