पटना , मार्च 08 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के रविवार को आधिकारिक तौर पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू)में शामिल होने के बाद पार्टी के युवा विधायक चेतन आनंद ने उन्हें राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनाने की मांग की, और कहा कि वह राज्य में अपने पिता नीतीश कुमार के पिछले बीस सालों में किए गए सभी विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। निशांत कुमार के जदयू में शामिल होने के मौके पर बड़ी संख्या में मौजूद पार्टी कार्यकर्ता उन्हें अगला मुख्यमंत्री बनाने के नारे लगा रहे थे। यह मांग सिर्फ कार्यकर्ता ही नहीं कर रहे थे, बल्कि पार्टी के युवा विद्यायक भी राज्य के अगले मुख़्यमंत्री के लिए निशांत का साथ देने में उनके साथ शामिल हो गए।

जदयू के युवा विद्यायक चेतन आनंद ने कहा कि उनका और कई दूसरे विधायकों का मानना है कि निशांत को मुख्य्मंत्री बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि निशांत में सरकार का नेतृत्व करने और राज्य के लोगों की उम्मीदों को पूरा करने की पूरी काबिलियत है।

श्री आनंद ने कहा, निशांत की सादगी ही उनकी ताकत है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र होने के बावजूद, वह बहुत ही ज़मीन से जुड़े इंसान हैं।उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) नेतृत्व दोनों को निशांत को राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनाने की मांग पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

इस बीच राजनीतिक गलियारों में इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)का कोई नेता मुख्यमंत्री बनेगा जबकि निशांत को उप मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।

जदयू के एक वरिष्ठ नेता ने अपना नाम न बताने की शर्त पर कहा कि निशांत को अगले महीने बिहार विधान परिषद के चुनाव के दौरान विधान पार्षद बनाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित