पटना , सितंबर 18 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की ओर से आयोजित प्रशिक्षण शिविर वास्तव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ विभिन्न मुद्दों पर उत्पन्न मतभेदों को लेकर रणनीति बनाने की बैठक है।
श्री अहमद ने बयान जारी कर कहा कि जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भले ही इसे प्रशिक्षण कार्यक्रम का नाम दे रहे हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि इस बैठक के माध्यम से भाजपा के साथ चल रहे मतभेदों पर विमर्श किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविर एक बहाना है और जदयू अपने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दल भाजपा के साथ समान नागरिक संहिता (यूसीसी) तथा फरक्का जलसंधि जैसे मुद्दों पर जारी मतभेदों को लेकर रणनीति बनाने में जुटा है।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि जदयू लगातार यह कह रहा है कि फरक्का जलसंधि बिहार के हित में नहीं है और इसका नवीनीकरण नहीं होना चाहिए, जबकि केंद्र की भाजपा सरकार ने इस मुद्दे पर अभी अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। उन्होंने कहा कि फरक्का जलसंधि को लेकर जदयू ने गंगा के किनारे बसे जिलों में जनसमर्थन जुटाने के लिए अभियान भी चलाया है।
श्री अहमद ने दावा किया कि मौजूदा समय में भाजपा और जदयू के बीच कई मुद्दों पर मतभेद सतह पर आ गए हैं और दोनों दल एक-दूसरे के खिलाफ अपनी-अपनी रणनीति तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज का कार्यक्रम इसी राजनीतिक पृष्ठभूमि में आयोजित किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित