अमृतसर , अप्रैल 18 -- श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार एवं तख्त श्री केसगढ़ साहिब के जथेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने शुक्रवार को सुप्रीम सिख सोसाइटी ऑफ न्यूजीलैंड द्वारासंगत के सहयोग से गुरुद्वारा श्री कलगीधर साहिब, टाकानिनी में आयोजित मुफ्त फूड ड्राइव में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने अरदास कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया, जिसके दौरान 1000 से अधिक भोजन किट स्थानीय जरूरतमंद लोगों में वितरित किये गये। अरदास के बाद अपने संबोधन में जथेदार गड़गज्ज ने कहा कि सिख परंपरा की शुरुआत गुरु नानक देव जी द्वारा गुरुद्वारा सच्चा सौदा साहिब में मात्र 20 रुपये से जरूरतमंदों के लिए लंगर शुरू करने से हुई थी, जिसकी महिमा आज पूरी दुनिया में देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि यही भावना इस फूड ड्राइव में भी स्पष्ट रूप से झलकती है।

उन्होंने बताया कि इस संस्था ने कोविड-19 के दौरान भी मानवता की भलाई के लिए उल्लेखनीय सेवाएं दीं, जिसकी न्यूजीलैंड सरकार ने भी सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास सिख समुदाय के लिए गर्व का कारण हैं।

सिख सेवा की भावना पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य मानव समानता का प्रतीक हैं, जो जाति, रंग, नस्ल, ऊंच-नीच और अमीरी-गरीबी के भेदभाव से ऊपर उठकर हर जरूरतमंद तक सहायता पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि इन पहलों ने वैश्विक स्तर पर सिखों की विशिष्ट पहचान को और मजबूत किया है।

जथेदार ने सेंट्रल सिख एसोसिएशन न्यूजीलैंड के अध्यक्ष और सुप्रीम सिख सोसाइटी ऑफ न्यूजीलैंड के प्रवक्ता सरदार दलजीत सिंह तथा उनकी टीम को इस पहल के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि विभिन्न गुरुद्वारों को एक मंच पर लाकर श्री अकाल तख्त साहिब से जोड़ने का उनका प्रयास सराहनीय है। उन्होंने न्यूजीलैंड में रहने वाले सभी सिखों और अन्य समुदायों की खुशहाली के लिए अरदास भी की।

इस मौके पर माउंगाकीकी क्षेत्र के सांसद ग्रेग फ्लेमिंग भी मौजूद रहे। उन्होंने सिख समुदाय द्वारा किये गये इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया और कहा कि सिख बिना किसी भेदभाव के निस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा करते हैं।

इससे पहले स्थानीय माओरी समुदाय ने पापाकुरा धर्मस्थल मराए में जत्थेदार गड़गज्ज का पारंपरिक तरीके से गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी संस्कृति और परंपराओं पर विचार-विमर्श किया।

माओरी प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि हाल ही में कुछ तत्वों द्वारा हाका परंपरा के दुरुपयोग के जरिए न्यूजीलैंड में सिख नगर कीर्तन का विरोध किया गया था, उससे उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने सिख परंपराओं के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि वे सिख समुदाय के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सामान्य तौर पर वे अपने मराए में किसी को हथियार लेकर आने की अनुमति नहीं देते, लेकिन सिख समुदाय के प्रति अपनत्व के कारण उन्होंने जत्थेदार गड़गज्ज का श्री साहिब (तलवार) सहित विशेष स्वागत किया।

यहां जारी बयान अनुसार, कार्यक्रम में स्थानीय नेता एम्मा चैटरटन, काउंसलर डैनियल न्यूमैन, लोकल बोर्ड चेयर कैल्विन हेविट, सरदार खड़क सिंह, मार्शल वालिया, सचिव लाली रणवीर सिंह, अध्यक्ष करतार सिंह, खजांची मनजिंदर सिंह और जसकरण सिंह और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित