हरिद्वार , मई 19 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र स्थित जटवाड़ा पुल के पास गंगा नदी में डूबे एक युवक का शव तीन दिन बाद एसडीआरएफ टीम ने मंगलवार को बरामद कर लिया।

आज चलाए गए सर्च अभियान के दौरान युवक का शव पथरी पावर हाउस से आगे किस्ती नहर, बहादराबाद क्षेत्र से बरामद हुआ। एसडीआरएफ ने शव को बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए सिविल पुलिस को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार 16 मई की शाम करीब 7:30 बजे एसडीआरएफ बहादराबाद टीम को कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि जटवाड़ा पुल के समीप एक युवक गंगा नदी में डूब गया है। सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया।

डूबे युवक की पहचान विजेंद्र पोखरियाल (25) पुत्र राजेंद्र पोखरियाल निवासी घोड़ीयाना, कंदलैख, जनपद पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई। घटनास्थल पर नदी का तेज बहाव और अंधेरा होने के बावजूद टीम ने संभावित क्षेत्रों में देर रात तक खोज अभियान चलाया, लेकिन प्रारंभिक प्रयासों में युवक का कोई पता नहीं चल सका।

इसके बाद एसआई आशीष त्यागी के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम ने 17 एवं 18 मई को भी लगातार संयुक्त सर्च अभियान चलाया। अभियान के दौरान डीप डाइविंग समेत उपलब्ध सभी तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए व्यापक स्तर पर खोजबीन की गई। लगातार तीन दिनों तक विषम परिस्थितियों में चले अभियान के बाद युवक का शव बरामद कर लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित