चंडीगढ़ , मार्च 07 -- पंजाब पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जग्गू भगवानपुरिया गिरोह से जुड़े मोस्ट-वांटेड गैंगस्टर अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत डलम को मोल्दोवा सीमा पर हिरासत में ले लिया गया है।

यह कार्रवाई केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से पंजाब पुलिस के अनुरोध पर जारी इंटरपोल रेड नोटिस के आधार पर की गयी है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को बताया कि अमृतपाल सिंह पंजाब में कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित है और काफी समय से विदेश में छिपकर अपनी गिरफ्तारी से बच रहा था। उसकी हिरासत पंजाब पुलिस की एजेंसियों द्वारा किये गये निरंतर अंतरराष्ट्रीय समन्वय और ठोस पैरवी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उसे भारत प्रत्यर्पित या निर्वासित करने के लिए कानूनी और राजनयिक प्रक्रियाएं शुरू कर दी गयी हैं।

श्री यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस का ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग सेल वर्तमान में विदेश में छिपे 61 भगोड़े गैंगस्टरों का पीछा कर रहा है। अमृत डलम की हिरासत उन अपराधियों को ट्रैक करने और वापस लाने के हमारे निरंतर प्रयासों में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो न्याय से भाग रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि अपराधी चाहे कहीं भी छिप जायें, उन्हें कानून का सामना करने के लिए वापस लाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित