विजयवाड़ा , मार्च 17 -- आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वाईएसआर कांग्रेस अध्यक्ष वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी ने मंगलवार को लोगों की समस्याओं को जानने के लिए जल्द ही एक जनसंपर्क कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की और दोहराया कि उनकी पार्टी मूल्यों और विश्वसनीयता के लिए खड़ी है।
श्री रेड्डी ने आज यहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी का निर्माण उसके कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया है और इसकी ताकत इसके मूल्य-आधारित दृष्टिकोण और विश्वसनीयता में निहित है। तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) सांसद के ड्रग टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने की घटना पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने टिप्पणी की कि तेदेपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसका सांसद ड्रग मामले में पकड़ा गया है।
श्री रेड्डी ने कहा, "हमारे शासन और श्री नायडू के नेतृत्व वाले शासन के बीच का अंतर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। लोग स्पष्ट रुप से अपना असंतोष व्यक्त कर रहे हैं। उन्होंने हमेशा भ्रष्टाचार का रास्ता अपनाया और हमें 2019 में सिर्फ 100 करोड़ रुपये के साथ एक जर्जर अवस्था वाला राज्य विरासत में मिला था।" उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड के बावजूद, तत्कालीन वाईएसआरसीपी सरकार ने सुधारात्मक कदम उठाए और राज्य को वापस पटरी पर लाया। हालांकि कई गंभीर मुद्दे और बाध्यताएं थीं, फिर भी सरकार ने कल्याणकारी गतिविधियों को नहीं रोका और घोषणापत्र को पूरी तरह लागू किया, जिसने कई लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया। उन्होंने दावा किया, "हम गरीबों के साथ खड़े रहे और 3.31 लाख करोड़ रुपये के ऋण में से हमने 2.7 लाख करोड़ रुपये कल्याणकारी योजनाओं में वितरित किए।" उन्होंने आरोप लगाया कि चंद्रबाबू नायडू सरकार ने दो वर्षों में अपने किसी भी चुनावी वादे को पूरा किए बिना 3.30 लाख करोड़ रुपये का कर्ज ले लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित