हरिद्वार , जनवरी 24 -- उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी प्रयागराज में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार के विरोध में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यहां महादेव मंदिर प्रांगण, नागल ज्वालापुर में दो घंटे का मौन उपवास रखा।
कार्यक्रम का आयोजन डोईवाला से पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी के संयोजन में किया गया। मौन उपवास के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए सनातन संस्कृति, धार्मिक गरिमा और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि जगद्गुरु शंकराचार्य जैसे पूज्य संत के साथ दुर्व्यवहार केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि संपूर्ण सनातन परंपरा और सांस्कृतिक चेतना का अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसी घटनाओं का पुरजोर विरोध करती है और समाज में सौहार्द, सम्मान और सहिष्णुता बनाए रखने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगी।
परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि संत समाज का अपमान किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। यह मौन उपवास हमारी आस्था, संस्कृति और सनातन मूल्यों की रक्षा का प्रतीक है। उन्होंने सरकार से इस घटना पर संवेदनशीलता दिखाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी धर्म, संस्कृति और संवैधानिक मर्यादाओं की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी और समाज में आपसी सम्मान एवं भाईचारे को मजबूत करने का प्रयास जारी रखेगी।
गौरतलब है कि मौनी अमावस्या के अवसर पर संगम में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को पालकी से जाने की अनुमति नहीं मिलने के बाद वह 18 जनवरी से विरोध प्रदर्शन पर बैठे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित