जगदलपुर , मार्च 02 -- छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने जगदलपुर शहर में तीन करोड़ 84 लाख रुपए से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर महापौर संजय पांडे सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
विधायक कार्यालय से सोमवार मिली जानकारी के अनुसार, नगर पालिक निगम क्षेत्र के अंतर्गत लालबहादुर शास्त्री वार्ड में खपराभट्टी से तहसीलदार आवास तक 22.89 लाख रुपए की लागत से बीटी सड़क निर्माण, धरमपुरा क्षेत्र में एमपीएम अस्पताल से एलआईसी कार्यालय तक एक करोड़ 90 लाख रुपए की बीटी सड़क, लोकमान्य तिलक एवं महाराणा प्रताप वार्ड में कंगोली से पुलिस हाउसिंग कॉलोनी तक 60.18 लाख रुपए की बीटी सड़क का कार्य शामिल है। इसके अलावा गुरु गोबिंद सिंह वार्ड में 20.27 लाख रुपए की लागत से उच्च प्राथमिक शाला भवन निर्माण तथा छत्रपति शिवाजी एवं गुरु गोबिंद सिंह वार्ड स्थित पंडरी तालाब के 79.04 लाख रुपए के सौंदर्यीकरण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया। पंचायत भवन से बालबाड़ी तक 11.09 लाख रुपए की बीटी सड़क निर्माण भी स्वीकृत कार्यों में शामिल है।
श्री देव ने कहा कि बस्तर क्षेत्र को मुख्यधारा से जोड़ने और बुनियादी सुविधाएं सुदृढ़ करने के उद्देश्य से इन परियोजनाओं को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि सड़क, शाला भवन और तालाब सौंदर्यीकरण जैसे कार्य नागरिकों की दैनिक आवश्यकताओं से सीधे जुड़े हैं और इनसे आवागमन, शिक्षा तथा पर्यावरणीय सुविधाओं में सुधार होगा।
महापौर संजय पांडे ने कहा कि शहर में जनआकांक्षाओं के अनुरूप चरणबद्ध तरीके से अधोसंरचना विकास किया जा रहा है। धरमपुरा सहित विभिन्न वार्डों में लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा किया जा रहा है। गुरु गोबिंद सिंह वार्ड में विधायक निधि से एक पानी टैंकर का लोकार्पण भी किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, निगम पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित