जगदलपुर, अप्रैल 22 -- छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बस्तर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

थाना बोधघाट क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बरामद की गई है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 9 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में टीम गठित कर मुखबिर की सूचना पर गंगामुंडा तालाब चौपाटी में रेड की गई।

कार्रवाई के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया, जिन्होंने पूछताछ में अपने नाम राजेश यादव (50) निवासी तेतर खूंटी एवं मोनू गुप्ता (26) निवासी गांधीनगर वार्ड, जगदलपुर बताया। तलाशी लेने पर उनके बैग से प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल के कुल 300 पत्ते, यानी 2,400 नग बरामद किए गए। साथ ही 960 रुपये नगद भी जब्त किए गए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पंचर दुकान की आड़ में नशे का कारोबार संचालित कर रहे थे। आरोपियों द्वारा किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड हेतु विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया है।

बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में लिप्त तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित