जगदलपुर , मार्च 30 -- छत्तीसगढ के बस्तर संभाग मुख्यालय के धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में चार दिवसीय खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का सोमवार को भव्य आगाज हुआ। उद्घाटन दिवस पर देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे जनजातीय खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स स्पर्धाओं में दमदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिस्पर्धा को रोमांचक बना दिया।

पीआरओ ने सोमवार को बताया कि पहले दिन 5000 मीटर दौड़ प्रमुख आकर्षण रही, जिसमें सेकंड के बेहद कम अंतर से विजेताओं का फैसला हुआ। इसके अलावा 110 मीटर बाधा दौड़ पुरुष एवं महिला वर्ग के प्रथम राउंड तथा 400 मीटर दौड़ के शुरुआती मुकाबले भी आयोजित किए गए।

पुरुष वर्ग की 5000 मीटर दौड़ में महाराष्ट्र के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। गोविंद प्रकाश पाडेकर ने 15:11.35 का समय निकालकर स्वर्ण पदक हासिल किया। उनके राज्य के ही सूरज जयराम माशी ने 15:11.64 के साथ रजत पदक जीतते हुए महाराष्ट्र को दोहरा लाभ दिलाया। मध्य प्रदेश के रंगलाल दोदियार ने 15:22.48 के समय के साथ तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया।

महिला वर्ग की 5000 मीटर स्पर्धा में अरुणाचल प्रदेश की नेदी नगी ने 18:24.66 का समय निकालते हुए स्वर्ण पदक जीता और पूर्वोत्तर की प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मध्य प्रदेश की आरती डावर ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच रजत पदक हासिल किया, जबकि नागालैंड की टी सूचोई टी ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित