जगदलपुर , मार्च 25 -- छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में बुधवार को विकास कार्यों की नई शुरुआत करते हुए विधायक किरण सिंह देव ने 22 करोड़ 67 लाख रुपये से अधिक लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इन कार्यों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, प्रशासनिक भवनों के निर्माण तथा सड़कों के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रकल्प शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान शहर के प्रमुख शासकीय महारानी अस्पताल परिसर में 4 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से बनने वाले हीमोडायलिसिस, पेलियेटिव केयर और कैंसर क्लिनिक भवन का भूमिपूजन किया गया। इस भवन के निर्माण से क्षेत्र के मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है। इसके अतिरिक्त अस्पताल में रिकॉर्ड प्रबंधन और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 4 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले एमआरडी भवन की भी आधारशिला रखी गई।

शहर की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के लिए भी कई कार्यों की शुरुआत की गई। लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करते हुए माड़िया चौक से बोधघाट थाना तक सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य का भूमिपूजन किया गया, जिस पर लगभग 4 करोड़ 99 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस परियोजना के पूरा होने से यातायात व्यवस्था में सुधार होने के साथ ही शहर के आवागमन को भी सुविधा मिलेगी।

इसके साथ ही सात करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से दो नए वित्त कार्यालय भवनों के निर्माण का भूमिपूजन किया गया। वहीं 80 लाख रुपये की लागत से निर्मित उप संचालक उद्यान विभाग भवन का लोकार्पण भी किया गया, जिससे विभागीय कार्यों के संचालन में सहूलियत मिलेगी।

इस अवसर पर विधायक देव ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य बस्तर क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और आम नागरिकों तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है और आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े कई कार्य शुरू किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित