जगदलपुर , सितंबर 03 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के जगदलपुर में ओडिशा पुलिस ने गुरुवार को एक फरार अपराधी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान टुन्ना महाजन के रूप में हुई है जो ओडिशा से फरार होकर बस्तर पहुंचा था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ओडिशा पुलिस को महाजन के जगदलपुर में होने की सूचना मिली थी। इसके बाद सिविल ड्रेस में पहुंची पुलिस टीम ने नए बस स्टैंड के पास शराब दुकान के समीप घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस आरोपी को अपने साथ ओडिशा ले गई।
गिरफ्तारी की इस कार्रवाई का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी आरोपी को पकड़कर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। ओडिशा पुलिस के अनुसार, महाजन के खिलाफ चोरी और डकैती के कई मामले दर्ज हैं। उस पर बोरिगुमा पुलिस पर पांच राउंड फायरिंग करने का भी आरोप है और पुलिस इस मामले में उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस को महाजन के तार बस्तर में हुई चोरी की कुछ वारदातों से जुड़े होने की भी जानकारी मिली है। इनमें गिरोला मंदिर सहित अन्य मंदिरों में हुई चोरी की घटनाएं शामिल हैं। इन मामलों में उसकी कथित भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल और चोरी का सोना बरामद किया गया है। गिरफ्तारी के बाद ओडिशा में दर्ज मामलों के साथ बस्तर में हुई चोरी की घटनाओं में उसकी संभावित संलिप्तता को लेकर आगे की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित