जगदलपुर , जुलाई 17 -- छत्तीसगढ़ के जगदलपुर नगर निगम ने प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान के तहत संजय मार्केट क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए आज एक फेरी वाहन से भारी मात्रा में प्लास्टिक सामग्री जब्त की और विक्रेता पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

नगर निगम के अनुसार, निरीक्षण के दौरान फेरी वाहन में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री का विक्रय करते हुए जगदलपुर निवासी महांगी लाल जैन को पकड़ा गया। स्वच्छता निरीक्षक अजय बानिक और शेखर भारती की मौजूदगी में वाहन से प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त कर निगम के कब्जे में ली गई तथा विक्रेता पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।

नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा ने कहा कि शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण, परिवहन, विक्रय और उपयोग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों और प्रतिष्ठानों के विरुद्ध बिना पूर्व सूचना के नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम ने व्यापारियों, प्रतिष्ठान संचालकों और आम नागरिकों से प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग और विक्रय पूरी तरह बंद करने तथा इसके स्थान पर कपड़े, जूट, कागज और अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की है। साथ ही नागरिकों से प्रतिबंधित प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण, परिवहन या बिक्री की जानकारी तत्काल नगर निगम को देने का आग्रह किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित