जगदलपुर , अक्टूबर 17 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर संभागीय मुख्यालय जगदलपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान और स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न शासकीय कार्यालयों एवं चिकित्सालयों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रमदान कर कार्यालय परिसरों की साफ-सफाई की तथा कार्यस्थलों को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने का संकल्प लिया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, स्वच्छता अभियान के तहत बस्तर संभागायुक्त कार्यालय, संभागीय जनसंपर्क कार्यालय, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय, कृषि विभाग और पशुधन विकास विभाग के संयुक्त संचालक कार्यालयों में विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया।

इस दौरान कार्यालय परिसर, विभिन्न कक्षों और अभिलेख कक्षों की सफाई के साथ पुरानी फाइलों को व्यवस्थित किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने कचरे के उचित निपटान तथा कार्यालयों में नियमित स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया।

अभियान के अंतर्गत शासकीय चिकित्सालयों में भी विशेष सफाई की गई। जिला पशु चिकित्सालय जगदलपुर, पशु चिकित्सालय बड़े किलेपाल तथा पशु औषधालय करंजी और कुरंदी में परिसर, बाह्य रोगी विभाग और दवा वितरण कक्षों की साफ-सफाई कर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के प्रयास किए गए।

अभियान के समापन पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता को दैनिक कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा कार्यालय परिसरों को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त रखने की शपथ ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित