जगदलपुर , फरवरी 3 -- छत्तीसगढ़ में जगदलपुर के कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा है कि विभाग की प्राथमिकता वाली योजनाओं का बेहतर तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
श्री छिकारा शासन की प्रमुख योजनाओं के दस-दस हितग्राहियों को मॉडल के रूप में चयनित करने के निर्देश दिए, ताकि अन्य लोगों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा सके। वह कलेक्टर जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक को सोमवार को संबोधित कर रहे थे।
जिला जनसम्पर्क अधिकारी (पीआरओ) की ओर से मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार बैठक के दौरान कलेक्टर ने 22 मार्च को आयोजित होने वाली बस्तर हेरिटेज मैराथन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक लोगों के पंजीयन पर जोर दिया। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बस्तर जिले में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों के लिए अधिकारियों को विशेष दायित्व सौंपे। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना के तहत चयनित गांवों में विभिन्न विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें।
कलेक्टर ने बैठक में ई-प्रगति पोर्टल की प्रविष्टियों, डेफ्ट खातों में लंबित राशि जमा कराने और पीएम श्री स्कूल के तहत संचालित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने राशन दुकानों में खाद्य सामग्री के पर्याप्त भंडारण एवं समय पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संपूर्णता अभियान 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन, राजस्व विभाग के लंबित प्रकरणों के निराकरण और लखपति दीदी योजना की प्रगति की जानकारी भी ली गई। पीएम सूर्य घर योजना के तहत प्राप्त आवेदनों एवं स्थापना कार्यों की स्थिति की भी समीक्षा हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित