जकार्ता , नवंबर 04 -- इंडोनेशिया की सेना ने राजधानी जकार्ता में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 20,980 सैन्यकर्मियों को तैनाती के लिए तैयार रखा है तथा सैनिकों की अतिरिक्त टुकड़ियां चरणबद्ध तरीके से पहुंच रही हैं।

इंडोनेशियाई नौसेना के अनुसार, सेना प्रमुख जनरल अगुस सुबियांतो ने इस तैनाती का आदेश दिया है। अभियान की निगरानी जया क्षेत्रीय सैन्य कमान (कोडम जया) कर रही है।

तैनाती का पहला चरण दो नवंबर को शुरू हुआ, जिसमें जकार्ता में पहले से तैनात विभिन्न इकाइयों के 2,100 सैन्यकर्मी शामिल हैं। इनमें मरीन कोर, फर्स्ट फ्लीट कमांड, नौसेना क्षेत्रीय कमान-तीन और सैन्य परिवहन कमान के जवान शामिल हैं। राजधानी के बाहर से आने वाले 5,740 अन्य सैन्यकर्मियों के बुधवार को सड़क मार्ग और नौसेना के युद्धपोतों से पहुंचने का कार्यक्रम है। शेष 13,140 सैन्यकर्मी नौसेना मुख्यालय और जकार्ता में तैनात अन्य इकाइयों से हैं। इन्हें अपने-अपने ठिकानों पर पूरी तरह सतर्क रखा गया है और जरूरत पड़ने पर तैनात किया जा सकता है।

सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल मुहम्मद नास ने सैनिकों की आवाजाही को देश की रक्षा और राष्ट्रीय एकता बनाये रखने के लिए सैन्य बलों की नियमित जिम्मेदारियों का हिस्सा बताया। वहीं, थलसेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल डोनी प्रामोनो ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य सुरक्षा और राष्ट्रीय संप्रभुता बनाये रखने के साथ राजधानी में संभावित घटनाक्रमों के लिए सैन्य इकाइयों और कर्मियों को तैयार रखना है।

जकार्ता के गवर्नर प्रामोनो अनंग ने बुधवार को कहा कि सुरक्षा और रक्षा की जिम्मेदारी केंद्र सरकार की है तथा उनका प्रशासन राजधानी में स्थिरता बनाये रखने के प्रयासों में सहयोग करेगा। उन्होंने कहा, "जकार्ता देश की राजधानी, एक वैश्विक शहर और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था का केंद्र है। इसलिए, यदि अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किये जा रहे हैं, तो मैं जकार्ता के गवर्नर के रूप में उनके प्रति आभार व्यक्त करना चाहता हूं।"समन्वय मंत्री युसरिल इहजा महेंद्र ने कहा कि शहर में सुरक्षा की स्थिति सामान्य है और कोई चिंताजनक अशांति नहीं है।

राजधानी में सुरक्षा बढ़ाने का यह फैसला जकार्ता और अन्य शहरों में छात्रों तथा नागरिक संगठनों के विरोध प्रदर्शनों के बाद आया है। युवा शपथ दिवस के अवसर पर 28 अक्टूबर को प्रदर्शनकारियों ने जंगलों में आग, सरकारी खर्च, शिक्षा और नागरिक स्वतंत्रता से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई की मांग करते हुए सड़कों पर प्रदर्शन किया था। उस शाम होटल इंडोनेशिया चौराहे के आसपास तनाव बढ़ गया था। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने पटाखे जलाए, यातायात पुलिस की चौकी पर चढ़ गए तथा जालान जेंडरल सुदीरमन मार्ग पर टायर और प्लास्टिक अवरोधकों में आग लगा दी। राष्ट्रीय नायक दिवस के अवसर पर 10 नवंबर को फिर से प्रदर्शन किये जाने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित