प्रयागराज , जुलाई 22 -- नीट यूजी पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बुधवार को अंबेडकर वाहिनी युवजन सभा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने घटना की निंदा करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया।
सिविल लाइंस स्थित धरना स्थल पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में अंबेडकर वाहिनी युवजन सभा के कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने अपने हाथों में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र लेकर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराया।
सभा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों और प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों पर विचार करने के बजाय उन पर लाठीचार्ज किया जाना निंदनीय है। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार की कार्रवाई की आलोचना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को बलपूर्वक दबाने का प्रयास स्वीकार्य नहीं है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की तथा छात्रों के आंदोलन के प्रति एकजुटता व्यक्त की। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित