नयी दिल्ली , जुलाई 22 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान महिलाओं के साथ कथित अभद्रता और प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग के मामले में केंद्र सरकार तथा दिल्ली पुलिस पर निशाना साधा है।
आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मांग की कि महिलाओं के साथ कथित मारपीट और अभद्रता करने वाले पुलिस अधिकारियों को तत्काल नौकरी से निकाला जाने की बुधवार को मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों की पहचान हो जाने के बावजूद अब तक न तो कोई प्राथमिकी दर्ज हुई है और न ही किसी को निलंबित किया गया है।
उन्होंने 'एक्स' पर जारी बयान में कहा कि महिला प्रदर्शनकारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गयी है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर मौजूद कई वीडियो में डीसीपी स्तर तक के अधिकारियों की पहचान की जा सकती है और उनके नाम भी सामने आ चुके हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने दिल्ली पुलिस आयुक्त से इस मामले में जवाब देने की मांग भी की।
उन्होंने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान महिलाओं के साथ गंभीर बदसलूकी की गयी, युवाओं के साथ मारपीट की गयी और पुलिस के साथ सिविल ड्रेस में मौजूद लोगों ने कीलों लगे डंडों से प्रदर्शनकारियों पर हमला किया। इस पूरे घटनाक्रम पर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।
आप नेता ने कहा कि यदि केंद्र सरकार वास्तव में युवाओं की बात सुनना चाहती है, तो उसे दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सेवा से बर्खास्त करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि सरकार कार्रवाई नहीं करती है, तो इससे यह संदेश जायेगा कि पुलिस की कथित बर्बरता को शीर्ष स्तर पर संरक्षण प्राप्त है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित