नयी दिल्ली , अक्टूबर 02 -- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को सड़कों पर उतरे विपक्षी दलों के नेताओं और छात्र संगठनों के करीब 600 प्रदर्शनकायों को पुलिस ने यहां जंतर-मंतर और आसपास से हिरासत में ले लिया , हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।

आम आदमी पार्टी (आप), वामदलों, एनएसयूआई और आइसा के कार्यकर्ता मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में गड़बड़ियों और बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाये जाने के आरोपों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त श्री कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने पहुंचे थे। हिरासत में लिये गये लोगों में आप नेता आतिशी, सौरभ भारद्वाज, संजय सिंह, संजीव झा, सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव और ऐसे कई अन्य नेता शामिल थे।

छात्र संगठनों के गठबंधन ने गांधी जयंती के अवसर पर इस प्रदर्शन का आह्वान किया था। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का काम ठीक से नहीं किया गया। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने भी गांधी जयंती के अवसर पर मुंबई में इसी तरह के प्रदर्शन का आह्वान किया था।

आप नेता आतिशी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि फतेहपुर बेरी थाने में भी क्रांतिकारियों का हौसला कम नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की लड़ाई जारी रहेगी और जोर देकर कहा कि "ज्ञानेश कुमार को जाना ही होगा।" प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर की ओर न बढ़ने की हिदायत दी गयी, क्योंकि प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिली थी।

पूरे नयी दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू थी। जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे और जंतर-मंतर की ओर जाने वाली सड़कों पर बैरिकेड लगाये गये थे।

दिल्ली मेट्रो ने भी अगले आदेश तक राजीव चौक, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय और मंडी हाउस सहित 12 स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद कर दिया था। डीएमआरसी ने दिन के दौरान जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, आईएनए, चावड़ी बाजार, नयी दिल्ली और आरके आश्रम मार्ग समेत मेट्रो स्टेशनों पर आवाजाही रोकी, जबकि राजीव चौक, मंडी हाउस, आईएनए, नयी दिल्ली और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध रही।

पुलिस ने कानून की संबंधित धाराओं के तहत अनधिकृत जमावड़े, नारेबाजी या प्रदर्शन की अनुमति न होने के संबंध में बैनर और नोटिस लगाये थे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने मतदाता सूचियों में इस तरह हेरफेर की, ताकि स्थिति सत्ताधारी दल के पक्ष में रहे। साथ ही उन्होंने एसआईआर के दौरान मतदाता सूचियों से नाम हटाये जाने पर जवाबदेही और स्पष्टीकरण की मांग की।

इस बीच आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि विरोध प्रदर्शन करना हर नागरिक का लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकार है।

सीजेपी के संयोजक सौरव दास ने कहा है कि उनकी पार्टी का प्रदर्शन तभी समाप्त होगा, जब मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा दे देंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित