बैतूल , अक्टूबर 04 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में रानीपुर पुलिस ने चोरी गई मोटरसाइकिल अर्जुनगोंदी के जंगल से बरामद की है। वाहन चोरी करने वाले आरोपी का अब तक पता नहीं चल सका है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार शाहपुर थाना क्षेत्र के बानाबेहड़ा निवासी दीपक उइके ने तीन मई को रानीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी लाल रंग की हीरो होंडा एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-48 एमजेड-6391 ग्राम अर्जुनगोंदी से चोरी हो गई है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 105/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303 के तहत प्रकरण कायम किया था।

चोरी गई मोटरसाइकिल की तलाश में पुलिस ने संभावित स्थानों पर जांच की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अर्जुनगोंदी के जंगल में तलाश की, जहां मोटरसाइकिल बरामद हो गई। बरामद वाहन की अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार वाहन बरामद होने के बाद उसे चोरी करने वाले व्यक्ति की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और चोरी गए वाहनों की बरामदगी के लिए थाना प्रभारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

पुलिस कार्रवाई में रानीपुर थाना प्रभारी निरीक्षक बबीता धुर्वे, घोड़ाडोंगरी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक आशीष कुमरे, उप निरीक्षक संत कुमार और आरक्षक विनित चौधरी की भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से वाहन सुरक्षित स्थान पर खड़े करने और सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने वाहन चोरी अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित