रायगढ़ , अक्टूबर 25 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने जंगली सुअर का शिकार करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार कर आरोपियों के कब्जे से करीब 30 किलो मांस, दो कुल्हाड़ी और तराजू जब्त किया गया है।

वन विभाग से आज सुबह मिली जानकारी के अनुसार तिलगा निवासी दिनबंधु राठिया, बालाराम राठिया और बादपाली निवासी सरमू राठिया पर तिलगा के जंगल में मिलकर जंगली सुअर का शिकार करने का आरोप है। शनिवार सुबह तीनों सुअर को दिनबंधु के घर ले आए थे। वहां मांस काटकर उसका वजन करने और बिक्री की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने मौके पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान उड़नदस्ता के सहायक प्रभारी संदीप नामदेव, सोमेश टोप्पो, बोइरदादर परिसर रक्षक भूषण जांगड़े समेत अन्य वनकर्मी मौके पर पहुंचे। टीम ने तीनों आरोपियों को मांस काटते और तौलते हुए पकड़ लिया। मौके से करीब 30 किलो मांस, दो कुल्हाड़ी और तराजू जब्त कर रेंज कार्यालय लाया गया।

वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

तिलगा, बादपाली और आसपास के जंगलों में जंगली सुअर के शिकार की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। क्षेत्र में शिकारियों की सक्रियता की सूचना के बीच मुखबिर से मिली जानकारी पर वन विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की।

रेंजर संजय लकड़ा ने बताया कि शिकारियों पर नजर रखी जा रही है। वन्यजीवों के शिकार की जानकारी मिलने पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित