अलवर , जुलाई 17 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर क्षेत्र के छोटे से गांव गादूवास के गौरव सिंह ने देश की सबसे कठिन समझी जाने वाली मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में से एक नीट-यूजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया नौवीं रैंक हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गौरव ने परीक्षा में 720 में से 705 अंक प्राप्त किये हैं। उनकी इस सफलता के बाद परिवार और गांव में खुशी की लहर दौड़ गयी है और जश्न का माहौल है।
गौरव की सफलता इसलिए भी खास है, क्योंकि परीक्षा रद्द होने और दोबारा आयोजित होने के बाद भी उन्होंने अपने प्रदर्शन को बरकरार रखा। पहली परीक्षा में भी उनके 705 अंक आये थे और दोबारा परीक्षा में भी उन्होंने वही अंक हासिल करके अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का परिचय दिया।
गौरव के पिता राजेश सिंह भारतीय सेना में सूबेदार हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं।
गौरव ने बताया कि जब पहली परीक्षा रद्द हुई तो वह काफी दिनों तक मानसिक रूप से परेशान रहे। दोबारा तैयारी करना आसान नहीं था, लेकिन परिवार ने उनका हौसला बढ़ाया और हर कदम पर उनका साथ दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित