दरभंगा , अगस्त 09 -- बिहार में दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि जीवन में निभायी गयी छोटी-सी जिम्मेदारी भी भविष्य में मिलने वाले बड़े दायित्वों की तैयारी का आधार बनती है। श्री कुमार ने रविवार को लहेरियासराय स्थित प्रेक्षागृह में डीएवी पब्लिक स्कूल, दरभंगा की ओर से आयोजित अलंकरण समारोह को संबोधित करते हुए कहा किबच्चों में नेतृत्व क्षमता का विकास उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि दायित्व निर्वहन में भेदभाव की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। विद्यार्थियों को ज्ञानवान होने के साथ अनुशासित, संवेदनशील, आत्मनिर्भर एवं समाज के प्रति उत्तरदायी बनने का प्रयास करना चाहिए।

वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जला रड्डी ने कहा कि नेतृत्व के साथ आलोचना को स्वीकार करने की क्षमता भी विकसित करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे एवं मोबाइल के अनावश्यक इस्तेमाल से दूर रहने की सलाह दी।

इससे पूर्व जिलाधिकारी कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जला रड्डी, प्राचार्या श्रीमती स्निग्धा स्नेहा एवं सम्मानित अतिथि श्रीमती उर्वशी रानी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अभिभावक एवं विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित थे।

प्राचार्या श्रीमती स्निग्धा स्नेहा ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें जिम्मेदार, संवेदनशील एवं संस्कारवान नागरिक बनाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि नेतृत्व पद नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने और अपने आचरण से उदाहरण प्रस्तुत करने का अवसर है।

समारोह में छात्र परिषद के नवनियुक्त सदस्यों को बैज एवं सैश पहनाकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें विभिन्न नेतृत्वकारी दायित्व सौंपे गए। सीनियर विंग में स्कूल कैप्टन ज्योत्श्ना जॉन रॉय, वाइस कैप्टन नव्या सरावगी, सेक्रेटरी अमृत राज, हेड बॉय अनय मिश्रा एवं हेड गर्ल सुमेधा कुमारी चुनी गयीं। जूनियर विंग में शुभ भारद्वाज एवं विद्या को क्रमशः हेड बॉय एवं हेड गर्ल बनाया गया।

एनसीसी में सार्जेंट राधिका रानी, कॉरपोरल रिशव झा एवं आलोक कुमार तथा लांस कॉरपोरल प्रणव कुमार सिंह, रीत एवं ओजस कुमार को जिम्मेदारी दी गयी। बैंड कैप्टन जय एवं वाइस बैंड कैप्टन आयुश कुमार बनाए गए।

नवनियुक्त पदाधिकारियों ने विद्यालय की गरिमा, अनुशासन एवं अपने दायित्वों के निष्ठापूर्वक निर्वहन की शपथ ली। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने गीत एवं नृत्य सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

मंच संचालन दीपेन्द्र कुमार, विपुल पराशर तथा छात्राओं दीपिका एवं देवयानी मेहता ने किया। अंत में प्राचार्या ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित