कोटा , जुलाई 27 -- राजस्थान में कोटा में बस यात्रा के दौरान एक युवती से छेड़छाड़ के मामले में कोटा ग्रामीण पुलिस के कनवास थाने में तैनात पुलिस उप निरीक्षक को निलम्बित कर दिया गया है।
पुलिस उपाधीक्षक डा पूनम चौहान ने सोमवार को बताया कि पुलिस उप निरीक्षक सुरेश चंद शर्मा के खिलाफ नयापुरा थाने में छेड़छाड़ और अनुसूचित जाति, जनजाति अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि सुरेश चंद (57) अपने गांव से बस में कोटा आ रहे थे। उनके पास दो सीटें खाली थीं। बूंदी में एक युवती (18) और उसकी नानी भी उसी बस में सवार हुईं और उनके पास आकर बैठ गयी। तीनों कोटा आ रहे थे। आरोप है कि यात्रा के दौरान सुरेश चंद ने युवती से बातचीत शुरू की और बाद में गलत नीयत से स्पर्श किया।
डाॅ चौहान ने बताया कि युवती का आरोप है कि आरोपी ने अश्लील हरकतें करना शुरु किया तो युवती ने विरोध करते हुए शोर मचाया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी भी हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित