वाराणसी , अक्टूबर 13 -- जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र मतदाताओं की पहचान के लिए दोबारा अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृतक (एएसडी) मतदाताओं की सूची का पुनः सत्यापन कराया जाएगा।
सत्येंद्र कुमार ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची में नाम शामिल कराने तथा नोटिस जारी किए गए मतदाताओं के मामलों की समीक्षा की।
उन्होंने बताया कि 18 और 25 अक्टूबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदेय स्थलों पर मतदाता सूची और फार्म-6, 7 एवं 8 के साथ मौजूद रहेंगे। छूटे पात्र मतदाता फार्म-6 भरकर नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
जिलाधिकारी ने युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए कॉलेजों में शिविर लगाने तथा महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए अगले डेढ़ महीने तक सास-बहू सम्मेलन आयोजित करने के निर्देश दिए। इसमें आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का सहयोग लिया जाएगा। कम महिला-पुरुष मतदाता अनुपात वाले बूथों पर विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से पात्र मतदाताओं को जागरूक करने और पंजीकरण में सहयोग देने की अपील की। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in पर आवेदन किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित