रामगढ़ , जून 29 -- झारखंड के धनबाद मंडल के अंतर्गत छिपादोहर-मंगरा रेलखंड के बीच पूर्वी सर्किल, कोलकाता के रेलवे संरक्षा आयुक्त गुरु प्रकाश ने सोमवार कोनवनिर्मित 15.619 किलोमीटर लंबी तीसरी रेल लाइन का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने रेलखंड का स्पीड ट्रायल भी किया। निरीक्षण के दौरान संरक्षा आयुक्त ने रेल पथ, पुल-पुलियों, लेवल क्रॉसिंग, सिग्नलिंग व्यवस्था तथा संरक्षा एवं सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इसके बाद मंगरा-बरवाडीह-छिपादोहर रेलखंड पर स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। यह परीक्षण नई तीसरी रेल लाइन पर ट्रेनों के सुरक्षित संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण, साउथ) राजीव गुप्ता, धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र सहित मुख्यालय एवं मंडल के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
धनबाद रेल मंडल के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं वरीय जनसंपर्क अधिकारी मनीष सौरभ ने बताया कि नई तीसरी रेल लाइन के निर्माण से इस रेलखंड पर परिचालन क्षमता बढ़ेगी और ट्रेनों का संचालन अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित