छिंदवाड़ा , अगस्त 02 -- मध्य प्रदेश में छिंदवाड़ा के अमरवाड़ा मंडी परिसर में सोशल मीडिया पर सांसद के नाम का इस्तेमाल कर सट्टा संचालन का फर्जी दावा करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तकनीकी जांच में वायरल वीडियो पूरी तरह भ्रामक और निराधार पाया गया। इसके बाद अमरवाड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

टीआई राजेंद्र धुर्वे ने रविवार को बताया कि पिछले कुछ दिनों से फेसबुक पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। वीडियो में दावा किया गया था कि अमरवाड़ा मंडी परिसर में खुलेआम सट्टा संचालित हो रहा है। इतना ही नहीं, वीडियो में सांसद के नाम का उपयोग कर लोगों के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास भी किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वीडियो की तकनीकी जांच कराई। जांच में सामने आया कि वीडियो में किए गए दावे तथ्यहीन और भ्रामक हैं। इसके आधार पर पुलिस ने अमरवाड़ा के वार्ड क्रमांक-8 निवासी आदित्य जैन (25) पिता अनिल जैन को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी आदित्य जैन का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। उसके खिलाफ मारपीट, चोरी, हत्या के प्रयास और सट्टा एक्ट सहित आठ आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से झूठी और भ्रामक जानकारी प्रसारित कर लोगों में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा था।

आरोपी की गिरफ्तारी में टीआई राजेंद्र धुर्वे के नेतृत्व में एसआई सुभाष तिवारी, आरक्षक करण रघुवंशी तथा साइबर सेल के आदित्य रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी वीडियो या सूचना को बिना सत्यापन के साझा न करें। भ्रामक और फर्जी सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ साइबर कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित