श्रीगंगानगर , मई 27 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ थाना क्षेत्र में सीमावर्ती चक 30-एपीडी में मंगलवार को अवैध शराब बिकने की सूचना मिलने पर छापा मारने गये आबकारी निरोधक पुलिस दल पर लोगों ने हमला कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस संबंध में देर रात अनूपगढ़ थाने पर हमला करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने अनूपगढ़ में आबकारी निरोधक दल में प्रहराधिकारी विजेंद्रसिंह जाट (51) की शिकायत के आधार पर सुरेंद्रसिंह, दानासिंह, युवी,वीरू नायक और करीब 15 महिलाओं के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि एक सूचना के आधार पर आबकारी निरोधक दल चक 30-एपीडी में सुरेंद्रसिंह रायसिख के मकान पर छापा मारने गये था। वहां सुरेंद्रसिंह,दानासिंह युवी रायसिख, वीरू नायक तथा 10-15 महिलाओं और पुरुषों ने अचानक गाड़ी पर हमला कर दिया। गाड़ी के शीशे तोड़ दिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित