सक्ती , अक्टूबर 07 -- छत्तीसगढ़ में सक्ती जिले के चंद्रपुर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के छात्रावास में नौवीं कक्षा के एक छात्र से कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने विद्यालय के प्रभारी आचार्य जगन्नाथ नायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार ग्राम तिलाईपाली निवासी शशिभूषण गुप्ता का पुत्र क्षत्रपति गुप्ता विद्यालय में नौवीं कक्षा का छात्र है। आरोप है कि 30 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे छात्रावास के बाथरूम के पास वह अपने एक सहपाठी से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान प्रभारी आचार्य ने कथित तौर पर उससे गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की और बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया।

शिकायत में कहा गया है कि घटना में छात्र के सिर, पीठ और बाएं घुटने में चोट आई है। छात्र ने घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद परिजन रात करीब 10 बजे चंद्रपुर पहुंचे और पुलिस से शिकायत की।

चंद्रपुर थाना पुलिस ने आज बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3), 115(2) तथा किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित