मुरैना , अगस्त 27 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के शासकीय प्राथमिक विद्यालय खरगपुरा, विकासखंड पोरसा में छात्र-छात्राओं से मध्यान्ह भोजन के बाद बर्तन साफ कराए जाने के वायरल वीडियो के मामले में प्रभारी प्रधानाध्यापक सत्यप्रकाश कैन को निलंबित कर दिया गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी बी.एस. इंदोलिया ने प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री कैन को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर दो दिन में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। उनके द्वारा प्रस्तुत प्रतिवाद का परीक्षण करने पर उत्तर समाधानकारक नहीं पाया गया।
प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर सत्यप्रकाश कैन को मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, अंबाह, जिला मुरैना निर्धारित किया गया है।
कलेक्टर ने कहा कि विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के हित, सम्मान और गरिमा की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यार्थियों से इस प्रकार की गतिविधियां कराया जाना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित व्यवस्थाओं और निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित