शेखपुरा, अगस्त 08 -- शेखपुरा जिले के बरबीघा शहर अंतर्गत मिशन थाना क्षेत्र में पुलिस ने छात्र-छात्राओं के नाम पर फर्जी बैंक खाता खोलकर साइबर फ्रॉड करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बरबीघा नगर क्षेत्र के गंजपर मोहल्ला निवासी अरविंद साव के पुत्र रवि कुमार और मालदा निवासी शंभू साव के पुत्र साहिल कुमार के रूप में की गई है।

पुलिस ने इनके पास से लैपटॉप, मोबाइल, फिंगरप्रिंट स्कैनर, फिनो पेमेंट्स बैंक के एटीएम कार्ड और पासबुक समेत कई सामान बरामद किए हैं।

इस मामले में एएसपी डॉ. राकेश कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि पांच अगस्त को मिशन थाना क्षेत्र के गंजपर निवासी छात्रा शिवानी कुमारी समेत अन्य छात्राओं की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की थी। जांच में सामने आया कि बरबीघा में संचालित ग्यानवृक्ष लाइब्रेरी के संचालक और अन्य आरोपियों ने छात्र-छात्राओं के आधार कार्ड और बायोमेट्रिक पहचान का दुरुपयोग कर फिनो पेमेंट्स बैंक में उनके नाम से फर्जी तरीके से बैंक खाते खुलवाए थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध से जुड़े पैसों के लेनदेन में किया जा रहा था।

एएसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने छापेमारी कर लाइब्रेरी संचालक रवि कुमार और साहिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में रवि कुमार ने बताया कि उसके घर के सामने रहने वाले सोनू कुमार ने प्रत्येक बैंक खाते के बदले पांच हजार रुपये देने का लालच दिया था। इसके बाद उसने ऑनलाइन स्कॉलरशिप का फॉर्म भरने के नाम पर कई छात्र-छात्राओं के आधार कार्ड और फिंगरप्रिंट लेकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाए और खाते सोनू कुमार को उपलब्ध करा दिए। इसकी जानकारी संबंधित छात्र-छात्राओं को नहीं थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित