मुरैना , अगस्त 11 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में छठवीं कक्षा के एक छात्र द्वारा परीक्षा में नकल कराने से इनकार करने पर छात्रों और शिक्षकों द्वारा कथित रूप से डंडों से बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। पिटाई में छात्र के हाथ की हड्डी टूट गई। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पोरसा थाना प्रभारी को जांच कर आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधारा के सरकारी स्कूल में छठवीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र समर सिंह तोमर 01 अगस्त को परीक्षा दे रहा था। उसके पीछे परीक्षा दे रहे दो अन्य छात्रों ने उसकी कॉपी से नकल करने का प्रयास किया। समर ने नकल कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों छात्रों ने शिक्षकों से इसकी शिकायत की।
आरोप है कि इसके बाद छात्रों और शिक्षकों ने समर की डंडों से मारपीट की, जिससे उसके हाथ की हड्डी टूट गई। घटना के बाद छात्र के हाथ पर प्लास्टर चढ़ाया गया। समर मंगलवार को अपने दादा के साथ आरोपियों की शिकायत लेकर पुलिस अधीक्षक की जनसुनवाई में पहुंचा।
पुलिस अधीक्षक ने छात्र के हाथ में प्लास्टर देखकर उसे अपने पास बुलाया और घटना की जानकारी ली। उन्होंने छात्र के हाथ का एक्स-रे भी देखा, जिसमें चोट के कारण हड्डी टूटने की पुष्टि हुई। पुलिस अधीक्षक श्री मीणा ने घटना की गंभीरता को देखते हुए पोरसा थाना प्रभारी को मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित